कृषि प्रसार मिशन
लूसिड कोलाइड्स लिमिटेड ग्वार गम के प्रसंस्करण एवं विपणन से सम्बन्धित एक व्यापारिक संगठन है। हमारी बहुआयामी गतिविधियों को हम अपनी विभिन्न इकाईयों के माध्यम से करते हैं, इसके साथ ही हम कृषि प्रसार जैसे अत्यन्त महत्वपूर्ण कार्य में भी संलग्न हैं जिसका मुख्य उद्देश्य कृषक को ग्वार की उन्नत खेती, टिकाऊ एवं जैविक खेती आदि के बारे में अवगत कराना है । हमने सदैव ही ग्वार की वैज्ञानिक विधि से खेती एवं अन्य महत्वपूर्ण कृषि प्रौद्योगिकी का समान रूप से प्रसार किया है ।
लूसिड कोलाइड्स लिमिटेड के कृषि प्रसार मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्वार कृषक समुदाय की सेवा करना है जिसके तहत हम किसानों के लिये कार्यक्रम आयोजित कर महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने में अपना योगदान देते हैं ।
हम ‘‘लोगों की इस प्रकार सहायता करो जिस में वे स्वयं की मदद कर सकें” की अवधारणा में विश्वास रखते हैं, हम उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाते हैं जिससे वे स्वयं व समाज की भलाई हेतु उचित निर्णय ले सकें । अपने कृषि प्रसार कार्यक्रमों के माध्यम से हम कृषकों को मुख्यतः ग्वार की उन्नत कृषि, टिकाऊ एवं जैविक खेती द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं खेत की उत्पादकता में सुधार आदि विषयों पर जानकारी प्रदान करते हैं । हम आवश्यक मुद्दों पर ध्यान केन्द्रित कर शैक्षिक प्रक्रिया द्वारा कृषकों के जीवन में सुधार लाने का प्रयास करते हैं ।
लूसिड कोलाइड्स लिमिटेड के कृषि प्रसार मिशन के निम्न उद्देश्य हैं :-
- ग्वार की खेती के परिदृश्य में सुधार करना ।
- वहनीय एवं जैविक खेती के माध्यम से पर्यावरण प्रबन्धन में सुधार लाना ।
- किसानों के ज्ञान व कौशल में सुधार लाना ।
- कृषि उत्पादकता को बढ़ाना ।
- शुद्ध कृषि आय में सुधार के द्वारा कृषक समुदाय को सुदृढ़ करना ।
- प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबन्धन को प्रोत्साहित करना ।
- ग्वार किसानों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना ।
ग्वार कृषक समुदाय के साथ काम करना
एक प्रमुख ग्वार गम निर्माता होने के नाते हमें लगता है कि किसानों को ग्वार की खेती के लिये प्रोत्साहित करना हमारी जिम्मेदारी है जिससे वे भी लाभान्वित हो सकें व उद्योग के लिये कच्चे माल की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो । हम निम्नलिखित गतिविधियों द्वारा ग्वार किसानों की बेहतरी के लिये अपना योगदान दे रहे हैं |
किसानों के बीच जानकारी का प्रसार :
ग्वार गम उत्पादक होने के कारण हमने इस क्षेत्र की आवश्यकता को समझा और ग्वार उद्योग में नये युग की शुरूआत से पहले ही हमने ग्वार की उन्नत कृषि के बारे में जागरूकता हेतु अपने प्रयास आरम्भ किये । गुणवत्ता युक्त कृषि आदानों और उनके विवेकपूर्ण उपयोग, उन्नत कृषि प्रथाओं और मिट्टी के स्वास्थ्य जैसे पहलुओं के महत्व के बारे में समुचित जानकारी साझा करना बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि इन घटकों का कृषि उत्पादकता पर गहरा प्रभाव पड़ता है । जानकारी के प्रचार के लिये हम कृषि विश्वविद्यालय अथवा कृषि विज्ञान केन्द्र के साथ मिलकर कृषक प्रशिक्षण या कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन करते हैं जिनमें मुख्यतः निम्न विषयों पर चर्चा की जाती है ।
- ग्वार की उन्नत कृषि विधियाँ
- वहनीय खेती के मुख्य घटक जैसे - मृदा स्वास्थ्य, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, कीटनाशकों का सुरक्षित उपयोग, कुशल जल प्रबन्धन, एकीकृत पोषक तत्व और कीट प्रबन्धन आदि ।
- ग्वार की उन्नत खेती, टिकाऊ खेती और जैविक खेती पर प्रकाशित पुस्तिकाऐं कृषकों की निःशुल्क दी जाती हैं ।
- उन्नत कृषि एवं पर्यावरण के अनुकूल खेती के तरीकों का प्रदर्शन भी किया जाता है ।
ग्वार के प्रमाणित बीज का वितरण
ग्वार की अच्छी उपज लेने के लिये अधिक उपज देने वाली ग्वार की किस्मों का गुणवत्ता युक्त बीज काम में लेना आवश्यक है । इस परिप्रेक्ष्य के साथ हम चयनित किसानों को ग्वार का प्रमाणित बीज निःशुल्क वितरित करते हैं ।
कृषि फार्म एवं अनुसंधान केन्द्र की गतिविधियाँ
अपनी कृषि गतिविधियों को दृढ़ता प्रदान करने हेतु लूसिड कोलाइड्स लिमिटेड ने फलौदी के पास मोरवेरी गाँव में एक कृषि फार्म एवं अनुसंधान केन्द्र की स्थापना की है । इस केन्द्र पर मिट्टी व पानी की जाँच युक्त प्रयोगशाला व मौसम की जानकारी हेतु उपकरण उपलब्ध हैं । भूजल के बुद्धिमतापूर्ण इस्तेमाल को दर्शाने हेतु यहाँ बूँद-बूँद व फव्वारा सिंचाई प्रणाली स्थापित है तथा यहाँ वर्षा जल का संचयन भी किया जाता है । इस केन्द्र पर सिंचाई सौर ऊर्जा द्वारा चलित पम्प द्वारा की जाती है । इसके अतिरिक्त यहाँ किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु करीब 130 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता के साथ एक हॉल भी उपलब्ध है । एक आदर्श अनुसंधान केन्द्र के रूप में विकसित करने हेतु भविष्य में यहाँ और भी अधिक सुविधाऐं उपलब्ध की जायेगी । इस केन्द्र पर ग्वार के अतिरिक्त अन्य फसलों जैसे जैतून, अनार, शहतूत, अंजीर, सेंजना आदि की फलौदी क्षेत्र में व्यवहार्यता को जाँचा जा रहा है । इस गतिविधि का उद्देश्य ग्वार के साथ किसी दीर्घकालीन फसल को प्रोत्साहित करना है जिससे कृषक अपनी आमदनी बढ़ा सके । बूंद-बूंद सिंचाई, सौर ऊर्जा द्वारा सिंचाई व ग्वार की विभिन्न किस्मों के प्रदर्शन आदि को देखने व समझने के लिये कृषक इस केन्द्र पर आते है ।
कृषि फार्म एवं अनुसंधान केन्द्र के मुख्य उद्देश्य है :
- ग्वार की उन्नत कृषि विधियों की प्रामाणिकता को प्रदर्शित करना ।
- ग्वार व अन्य फसलों की पर्यावरण के अनुकूल खेती को बढ़ावा देना ।
- ग्वार की विभिन्न किस्मों पर उपज एवं गुणवत्ता मूल्यांकन परीक्षण संचालित करना ।
- ग्वार की उन्नत कृषि विधियों का अधिकाधिक प्रसार करना ।
- अधिक उपज वाले ग्वार के बीज का उत्पादन एवं किसानों को आपूर्ति करना ।
- अनुसंधान व प्रसार कार्यों हेतु कृषि विश्वविद्यालय एवं अन्य संगठनों से सहयोग सम्बन्ध स्थापित करना ।
|
किसान का नाम - कुम्प सिंह “मैं लूसिड कम्पनी के जैविक कृषि कार्यक्रम से जुड़ा हूँ, वे मेरे खेत से अपने खर्चे पर ग्वार ले कर जाते हैं तथा भाव भी बाजार से अच्छा देते हैं। लूसिड कम्पनी द्वारा किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया था जिसमें कृषि वैज्ञानिक आये थे, इस कार्यक्रम में जैविक खेती सम्बन्धित अच्छी जानकारी व सुझाव हमें दिये गये।“ |
|
किसान का नाम - गोमती देवी “लूसिड कम्पनी के लोग हमें जल बचत व टिकाऊ खेती के बारे में बताते रहते हैं ग्वार की अच्छी किस्म का प्रमाणित बीज कम्पनी हमें निःशुल्क देती है व ग्वार की खेती की जानकारी भी प्रदान करती है।” |
|
किसान का नाम - गोकुल राम “मैं लूसिड कम्पनी के जैविक कृषि कार्यक्रम से जुड़ा हूँ, वे अपने काम में पारदर्शिता रखते हैं व बाजार से ज्यादा भाव में मुझसे ग्वार खरीदते हैं।” |
|
किसान का नाम - आम्ब सिंह “मैं ग्वार की जैविक खेती करता हूँ, लूसिड कम्पनी बाजार से अच्छे भाव में मुझसे ग्वार खरीदती है । मुझे कम्पनी का काम पसंद है।” |
|
किसान का नाम - लाल सिंह “लूसिड कम्पनी ने मुझे सौर-ऊर्जा द्वारा संचालित बूंद-बूंद सिंचाई प्रणाली के बारे में अच्छी जानकारी प्रदान की। मैं ग्वार की जैविक खेती करता हूँ तथा अपना ग्वार सीघा कम्पनी को बेचता हूँ।” |
|
किसान का नाम - लूणे खॉन “लूसिड कम्पनी एकदम साफ-सुथरा काम करती है, जैविक खेती के बारे में हमें अच्छी जानकारी प्रदान करती है। मैं अपना ग्वार उनको बेचता हूँ।” |






